सूर्यकुमार यादव ने रोहित-विराट को छोड़ा पीछे, टी20 इंटरनेशनल में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

Spread the love

नईदिल्ली, भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज के पांचवें और आखिरी टी20 में 46 रनों से जीत दर्ज की. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच में 30 गेंदों में छह छक्कों की मदद से 63 रनों की पारी खेलकर अहम भूमिका निभाई. इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने न सिर्फ भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई, बल्कि सबसे छोटे फॉर्मेट में सबसे तेज 3000 रन बनाने का मील का पत्थर भी हासिल किया. वह यह उपलब्धि सबसे कम गेंद खेलकर हासिल की है.
भारतीय कप्तान ने यह मुकाम सिर्फ 1,822 गेंदों में हासिल किया, जिससे उन्होंने रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया. कोहली ने यह मुकाम 2169 गेंदों में हासिल किया था, जबकि हिटमैन ने इसे 2149 गेंदों में पूरा किया था. यूएई के मोहम्मद वसीम 3000 रन तक पहुंचने वाले सबसे तेज खिलाड़ी थे, जिन्होंने पहले यह उपलब्धि 1947 गेंदों में हासिल की थी.
वहीं सबसे कम पारियां खेल कर इस मकाम तक पहुंचने वालों की लिस्ट में सूर्यकुमार यादव 7वें नंबर पर हैं. पहले नंबर पर पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान हैं, जिनके नाम 79 पारी में तीन हजार रन पूरे करने का रिकॉर्ड है. उसके बाद दूसरे नंबर पर भारतीय स्टार विराट कोहली हैं, जिन्होंने 81 इनिंग में ये कारनामा अंजाम दिया है. जबकि पाकिस्तान के बाबर आजम को ये उपलब्धि हासिल करने के लिए 81 पारियां लगीं.
इस सीरीज में सूर्यकुमार यादव को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया क्योंकि वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे. उन्होंने पांच पारियों में 80.67 की औसत और 196.75 के स्ट्राइक रेट से 242 रन बनाए. जिसमें तीन अर्धशतक भी शामिल थे. सूर्यकुमार का फॉर्म भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप में अहम होगा, जो 7 फरवरी से शुरू होगा. भारत अपने अभियान की शुरुआत यूएई के खिलाफ मैच से करेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *