सुशील कुमार मोदी बोले, अखिलेश-केजरीवाल की राह पर नीतीश, गठबंधन में बिखराव तय

Spread the love

 

पटना , एजेंसी। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने आज कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा की पांच सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने इंडिया गठबंधन के बिखराव पर मुहर लगा दी।
श्री मोदी ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पार्टियां अपने-अपने प्रभाव वाली सीटें कांग्रेस को देने से इनकार कर गठबंधन को झटका दे चुकी हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी एकता का अगुआ बनने का दावा करने वाले श्री नीतीश कुमार ने श्री केजरीवाल और श्री अखिलेश यादव को मनाने के बजाय खुद उनकी राह थाम ली। मध्य प्रदेश में जदयू की जमानत जब्त होगी।
भाजपा सांसद ने कहा कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर सत्ता में आयेगी और इंडिया गठबंधन के टूटने-बिखरने की प्रक्रिया तेज होगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में 18 साल से सत्ता में रहने के बाद भी भाजपा की लोकप्रियता बनी हुई है। श्री मोदी ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस श्री अशोक गहलोत और श्री सचिन पायलट के गुटों में बंटी हुई है। उन्होंने कहा कि लोग कुशासन, भष्टाचार और तुष्टीकरण की नीति से निजात पाने के लिए भाजपा की ओर देख रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *