तीन दिन से लापता युवक की संदिग्ध मौत

Spread the love

चम्पावत। पाटी ब्लॉक के जनकांडे गांव के एक युवक का शव संदिग्ध हालात में पोखरी के जंगल से बरामद हुआ है। युवक 27 मार्च की शाम से लापता था। परिजनों ने पाटी थाने में युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। लोहाघाट पुलिस को शनिवार को पोखरी, धूनाघाट के जंगल में एक युवक का शव मिलने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि 25 वर्षीय सचिन माहरा पुत्र प्रेम सिंह निवासी जनकांडे 27 मार्च की शाम से घर से कहीं चला गया था। देर रात तक युवक के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की। कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने 28 मार्च को पाटी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि शनिवार को पोखरी, धूनाघाट के पास सड़क से करीब सौ मीटर नीचे झाड़ी में बाइक और युवक का शव पड़ा मिला। थाना निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। फारेंसिक टीम भी मामले की जांच कर रही है। इधर जनकांडे गांव के अशोक सिंह माहरा ने बताया सचिन गुरुग्राम में बेकरी में काम करता था। वह होली के दौरान घर आया था। सचिन की एक बड़ी बहन और एक छोटा भाई है। इधर एसपी अजय गणपति ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *