श्रीनगर गढ़वाल(। एनआईटी खेल मैदान में रोटरी क्लब अलकनंदा वैली की ओर से रविवार को स्व. विमला जुगरान स्मृति स्कूली बालक/बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मैच का उद्घाटन मेयर आरती भंडारी ने किया। पहले दिन हुए मैच में एसवीएम श्रीकोट ने जीत दर्ज की। मैच में धद्दी घण्डियाल की टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एसवीएम श्रीकोट की टीम ने 16 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 94 रन बनाए। टीम की ओर से अमित पांडे ने शानदार बल्लेबाजी कर 21 रनों का योगदान दिया। धद्दी घण्डियाल की ओर से पवन ने 4 ओवर में 4 विकेट लेकर मात्र 8 रन दिए और शिवम और आयुष ने 2-2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए धद्दी घण्डियाल की टीम 15 ओवर में 10 विकेट खोकर 69 रन ही बना सकी। बल्लेबाजी में सचिन ने 14 एवं शिवम ने 16 रनों का योगदान किया। एसवीएम श्रीकोट की ओर से अमित पांडे और आयुष ने टीम को 25 रनों से जीत दिलाई। इस मौके पर मैन ऑफ द मैच अमित पांडे बने।