पिथौरागढ़। स्वजल में सेवारत कर्मियों को सात माह से वेतन नहीं मिल सका है। जिससे कर्मी आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। उन्होंने वेतन देने की मांग को लेकर कार्यबहिष्कार किया।शनिवार को स्वजल में तैनात कर्मियों ने 16वें दिन भी कार्यबहिष्कार जारी रखते हुए अपनी पीड़ा प्रकट की। कहा कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने से परिवार के खर्चे चलाना भी मुश्किल हो गया है। कहा वित्त विभाग व स्वजल प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से स्वजल को विभिन्न कार्यक्रमों से अलग कर समाप्त करने का षडयंत्र रचा जा रहा है। कहा उनका मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। बीते सात माह से वेतन न मिलने से कार्मिकों को आर्थिक तंगी से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने वेतन मिलने तक कार्यबहिष्कार जारी रखने को चेताया है। इस दौरान रवि पंत, विद्यासागर, कमलेश मेहरा, निर्मल भट्ट, महेश भट्ट, चारू चन्द्र द्विवेदी, शमशेर मेहता, डिगंबर कांडपाल, शंकर पाटनी, जगत राम आदि मौजूद थे।