पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने धरने को दिया समर्थन
श्रीनगर गढ़वाल : उत्तराखंड जल संस्थान संविदा श्रमिक संघ शाखा श्रीनगर ने लम्बे समय से कार्यरत श्रमिकों को न हटाये जाने की मांग को लेकर जल संस्थान पंप हाउस श्रीनगर में गुरुवार को सांकेतिक धरना दिया। धरने को समर्थन देने पहुंचे पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि जल संस्थान में कार्यरत कर्मचारी बीस से पच्चीस वर्षों से कार्य कर रहे हैं। कहा कि आज सरकार द्वारा जैम पोर्टल के माध्यम से नए ठेकेदारों की नियुक्ति की गई है जिनके द्वारा स्थानीय लोगों को हटाया जा रहा है। पुराने कर्मचारियों के स्थान पर नए कर्मचारियों को रखा जा रहा है, जिससे लम्बे समय से अपनी सेवा दे रहे श्रमिकों के सामने रोजी रोटी का सवाल खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार पुराने लोगों को सेवा से वंचित न करे। यदि सरकार और ठेकेदार द्वारा श्रमिकों का हक मारा जाता है तो निश्चित ही लड़ाई को बुलंद आवाज से लड़ा जायेगा। इधर, संविदा श्रमिक संघ शाखा श्रीनगर के सुरजीत डोबरियाल, संजय कुमार, मंगलेश लखेड़ा, बलबीर पयाल, अमित जोशी, रुपेश नेगी, दीपक बडोनी, शम्भू प्रसाद, विनोद पटवाल ने कहा कि अपना आधा से ज्यादा जीवन जल संस्थान को देने वाले श्रमिकों के सामने मुश्किल चुनौती आ चुकी है। ठेकेदार द्वारा घोर अन्याय कर उन्हें जानबूझकर बाहर किया जा रहा है। सभी श्रमिकों ने सरकार व विभागीय अधिकारियों से पूर्व की भांति उन्हें वरीयता दिये जाने की मांग की। इस मौके पर नगर अध्यक्ष सूरज घिल्डियाल, सुधांशु थपलियाल, सूरज नेगी, निशांत कंडारी, अभिषेक घिल्डियाल आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)