बरसात के मौसम में चुनौती बन रहे सड़क के गड्ढे
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में शायद ही कोई ऐसी सड़क हो जहां गड्ढे न दिखाई दें। कई स्थानों पर तो सड़क गड्ढों के बीच पूरी तरह खो चुकी है। नतीजा, वर्षाकाल में लबालब पानी व कीचड़ से भरे यह गड्ढे वाहन चालकों की कमर तोड़ रहे हैं। ऐसे में कब बड़ी दुर्घटना हो जाए, कहा नहीं जा सकता। क्षेत्रीय जन कई बार गड्ढों के मरम्मत की मांग भी उठा चुके हैं। लेकिन, वर्तमान स्थिति को देखकर लगता है मानो सिस्टम को जन समस्या से कोई मतलब ही नहीं रह गया है।
मुख्य मार्ग हो या फिर वार्डों की सड़कें सब बदहाली की कहानी बयां कर रही हैं। हल्की वर्षा होने पर गड्ढों के बीच सड़क खोजना भी मुश्किल हो जाता है। सबसे बुरी स्थिति देवी रोड, मानपुर-घराट, घराट-पदमपुर तिराहा, मालगोदाम-काशीरामपुर तल्ला, गाड़ीघाट तिराहे से लालपानी क्षेत्र को जाने वाली सड़कों की है। मानपुर से घराट रोड पर तो गड्ढों में स्कूटी व अन्य दोपहिया वाहनों के टायर तक फंस रहे हैं। दो दिन पूर्व इसी स्थान पर एक स्कूटी अनियंत्रित हो गई थी। जिसमें स्कूटी सवार युवती घायल हो गई थी। आए दिन गड्डों में इस तरह की घटनाएं देखने को मिल रही हैं। सबसे अधिक दुर्घटनाएं रात के समय हो रही हैं। दरअसल, रात के अंधेरे में यह गड्ढे दिखाई नहीं देते। जिससे दुर्घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है।