नईदिल्ली,। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारतीय सरजमीं हमेशा से बल्लेबाजों के धमाकेदार प्रदर्शन की गवाह रही है। यहां कई खिलाड़ियों ने ऐसी ऐतिहासिक पारियां खेली हैं, जिन्होंने दर्शकों को रोमांच से भर दिया और मैच का रुख ही पलट दिया। विस्फोटक शतक से लेकर तेजतर्रार अर्धशतक तक, कई नामचीन बल्लेबाजों ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से कई रिकॉर्ड बनाए। ऐसे में आइए भारतीय सरजमीं पर सबसे बड़ी पारी खेलने वाले शीर्ष बल्लेबाजों पर एक नजर डाल लेते हैं।
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के बल्लेबाज हजरतुल्लाह जजई इस सूची में पहले स्थान पर हैं। उन्होंने साल 2019 में आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ देहरादून में 162* रन की धमाकेदार पारी खेली थी। उन्होंने 62 गेंदों का सामना किया था। उनकी स्ट्राइक रेट 261.29 की रही थी। उनके बल्ले से 11 चौके और 16 छक्के निकले थे। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 278/3 का स्कोर बनाया था। जवाब में आयरलैंड 194/6 का स्कोर ही बना पाई थी।
इस सूची में दूसरे स्थान पर भारतीय क्रिकेट टीम की युवा सनसनी अभिषेक शर्मा हैं। उन्होंने साल 2025 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 135 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। इस खिलाड़ी ने 54 गेंदों का सामना किया था और उनकी स्ट्राइक रेट 250 की रही थी। अभिषेक के बल्ले से 7 चौके और 13 छक्के निकले थे। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 247/9 का स्कोर बना दिया था। जवाब में इंग्लैंड 97 रन ही बना पाई थी।
सूची में तीसरे स्थान पर शुभमन गिल हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2023 में नाबाद 126 रन की पारी खेली थी। अहमदाबाद में खेले गए उस मुकाबले में गिल ने 63 गेंदों का सामना किया था और उनकी स्ट्राइक रेट 200 की रही थी। उनके बल्ले से 12 चौके और 7 छक्के निकले थे। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 234/4 का स्कोर बनाया था। जवाब में कीवी टीम सिर्फ 66 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
इस सूची में चौथे स्थान पर भारतीय टीम के एक और बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ हैं। उन्होंने साल 2023 में गुवाहाटी के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ नाबाद 123 रन की पारी खेली थी। उन्होंने 57 गेंदों का सामना किया था और उनकी स्ट्राइक रेट 215.78 की रही थी। गायकवाड़ के इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद उस मुकाबले में भारतीय टीम को हार मिली थी। ऑस्ट्रेलिया ने 223 रन का लक्ष्य 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया था।
००