टी-20 विश्व कप 2026: इंग्लैंड ने इटली को हराते हुए सुपर-8 में किया प्रवेश

Spread the love

नईदिल्ली, इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने टी-20 विश्व कप 2026 के 29वें मैच में इटली क्रिकेट टीम को 24 रन से हराते हुए सुपर-8 में प्रवेश किया। ईडन गार्डन स्टेडियम में हुए मुकाबले में इंग्लिश टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 202/7 का स्कोर बनाया। जवाब में इटली की टीम बेन मैनेंटी की पारी (60) के बावजूद 20 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हुई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
इंग्लैंड से फिल सॉल्ट (28), जैकब बेथेल (23), और टॉम बेंटन (30) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। मध्यक्रम में बल्लेबाजी के लिए आए विल जैक्स ने अर्धशतक (53*) लगाते हुए टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। जवाब में इटली से बेन मैनेंटी ने अर्धशतक (60) लगाया। उनके अलावा जस्टिन मोस्का (43) और ग्रांट स्टीवर्ट (45) ने भी उम्दा पारियां खेलीं, लेकिन जीत नहीं दिला सके।
इंग्लैंड ने टी-20 विश्व कप में अपना दूसरा दूसरा सर्वोच्च स्कोर बनाया। बता दें कि इंग्लिश टीम का इस टूर्नामेंट में सर्वोच्च स्कोर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ (230/8, वानखेड़े) 2016 में आया है।
जैक्स ने सिर्फ 21 गेंदों में अर्धशतक लगाया और वह टी-20 विश्व कप के इतिहस में इंग्लैंड की ओर से सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन और जोस बटलर का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा। बता दें कि मोर्गन और बटलर ने 25-25 गेंदों में अर्धशतक लगाए थे। मोर्गन ने 2012 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पल्लेकेले में और बटलर ने 2021 में दुबई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ये तेज अर्धशतकीय पारियां खेलीं थी।
लक्ष्य का पीछा करते हुए इटली ने जब 22 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब बेन मानेंटी क्रीज पर आए। उन्होंने इंग्लिश गेंदबाजों की जमकर खबर ली और सिर्फ 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 25 गेंदों में 240.00 की स्ट्राइक रेट के साथ 60 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। उन्होंने अपनी इस अर्धशतकीय पारी में 4 चौके और 6 छक्के लगाए।
क्रिकबज के मुताबिक, मैनेंटी अब टी-20 विश्व कप के इतिहास में सहयोगी देश के बल्लेबाज के तौर पर दूसरा सबसे तेज अर्धशतक (संयुक्त रूप से) जड़ने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने यूएसए के एरॉन जोन्स (बनाम कनाडा, 2024) के रिकॉर्ड की बराबरी की। बता दें कि नीदरलैंड के स्टीफन मायबर्ग ने 2014 में आयरलैंड के खिलाफ 17 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। यह किसी सहयोगी देश के बल्लेबाज द्वारा लगाया गया सबसे तेज अर्धशतक है।
इंग्लैंड ने अपने ग्रुप- सी का तीसरा मैच जीता। इस जीत के साथ ही इंग्लिश टीम ने सुपर-8 में प्रवेश किया। इस ग्रुप से वेस्टइंडीज की टीम पहली ही अगले दौर में जगह बना चुकी है। शाई होप की कप्तानी वाली कैरेबियाई टीम ने अब तक तीनों मैच जीते हैं। ग्रुप- सी से इटली, नेपाल और स्कॉटलैंड की टीम सुपर-8 की दौड़ से बाहर हो चुकी है।
कर्रन ने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से मैच में अंतर पैदा किया। उन्होंने बल्लेबाजी में 19 गेंदों में 25 रन बनाए। इसके बाद गेंदबाजी में उन्होंने 22 रन देते हुए 3 विकेट लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *