नईदिल्ली,टी-20 विश्व कप 2026 के चौथे मुकाबले में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के बल्लेबाज गुलबदीन नायब ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (63) खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा और कीवी टीम के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 29 गेंदों में पूरा किया। यह उनका टी-20 विश्व कप में भी पहला ही अर्धशतक रहा है। उनकी पारी से अफगान टीम मैच में 182/6 का मजबूत स्कोर बनाने में सफल रही।
अफगान टीम को पहले बल्लेबाजी करते हुए 44 रन पर ही 2 झटके लग गए थे। उसके बाद गुलबदीन ने सिद्दीकुल्लाह अटल (29) के साथ तीसरे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूती दी। इस दौरान उन्होंने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। इसके बाद उन्होंने दरविश रसूली (20) के साथ 33 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूती दी। वह 35 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों से 63 रन बनाकर आउट हुए।
नायब ने इस पारी के दौरान खास उपलब्धि भी हासिल की। पारी का 7वां रन बनाते ही उनके इस प्रारूप में 1,000 रन भी पूरे हो गए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले 9वें अफगानी बल्लेबाज बने हैं। वह अब अफगानिस्तान के लिए इस प्रारूप में 8वें सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस पारी के दौरान उन्होंने समीउल्लाह शिनवारी (1,013) को पीछे छोड़ दिया। अफगानिस्तान के लिए सर्वाधिक रन मोहम्मद नबी (2,440) के नाम दर्ज हैं।
नायब ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2012 में नीदरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 81 मुकाबले खेले हैं और इसकी 69 पारियों में 21.55 की औसत और 123.51 की स्ट्राइक रेट से 1,056 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मैच में आया है। इसी तरह वह 49 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 26.20 की औसत से 35 विकेट लेने में भी सफल रहे हैं।