नईदिल्ली, यूएई ने अपनी 15 सदस्यीय टी20 वर्ल्ड कप टीम की घोषणा कर दी है. जिसमें स्टार बैटर मुहम्मद वसीम को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है. टीम में यूएई के 2022 में ऑस्ट्रेलिया में हुए पिछले टी20 वर्ल्ड कप में खेलने वाले तीन खिलाड़ी शामिल हैं. जिसमें मोहम्मद वसीम, अलीशान शराफू और जुनैद सिद्दीकी के नाम शामिल हैं. मोहम्मद वसीम पिछले तीन सालों से टीम की कप्तानी कर रहे हैं. वो अब तक अपने 92 इंटरनेशनल मैचों में से 66 में यूएई की कप्तानी कर चुके हैं.
इस बार यूएई की टीम में खिलाड़ियों से ज्यादा कोच का चर्चा हो रहा है, क्योंकि टीम के हेड कोच भारत के पूर्व खिलाड़ी लालचंद राजपूत हैं तो वहीं टीम के तेज गेंदबाजी कोच पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी यासिर अरफात हैं. इसके अलावा जिम्बाब्वे के स्टेनली चियोजा टीम के फील्डिंग कोच होंगे. लालचंद राजपूत भारत के लिए 2 टेस्ट और 4 वनडे मैच खेले हैं, जबकि फर्स्ट क्लास में उनके नाम 110 मैच है और लिस्ट ए में वो 61 मैच खेले हैं. वहीं पाकिस्तान के यासिर अराफात ने सभी फॉर्मेट में 27 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और कई नेशनल टीमों व फ्रेंचाइजी को कोचिंग भी दे चुके हैं.
बात दें कि यूएई की टीम इससे पहले 2014 और 2022 में टी20 वर्ल्ड कप खेल चुकी है, लेकिन दोनों बार वो ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गए. यूएई ने पिछले साल ओमान में एशिया और ईस्ट एशिया-पैसिफिक क्वालिफायर के सुपर सिक्स स्टेज में जापान को हराकर 2026 के वर्ल्ड कप में अपनी जगह पक्की की थी.
यूएई को वर्ल्ड कप के ग्रुप डी में न्यूजीलैंड, कनाडा, अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है. इसलिए इस बार भी उनका ग्रुप स्टेज से आगे बढ़ने का रास्ता आसान नहीं होने वाला है. वो टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत 10 फरवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच से करेंगे. उसके बाद वे नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में कनाडा (13 फरवरी), अफगानिस्तान (16 फरवरी) और दक्षिण अफ्रीका (18 फरवरी) से मुकाबला करेंगे.
मुहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शराफू, अर्यांश शर्मा (विकेटकीपर), ध्रुव पराशर, हैदर अली, हर्षित कौशिक, जुनैद सिद्दीकी, मयंक कुमार, मोहम्मद अरफान, मोहम्मद फारूक, मुहम्मद जवादुल्लाह, मुहम्मद जोहैब, रोहिद खान, सोहैब खान और सिमरनजीत सिंह.