टी-20 विश्व कप 2026: वेस्टइंडीज ने दर्ज की लगातार तीसरी जीत, सुपर-8 में बनाई जगह

Spread the love

नईदिल्ली,। टी-20 विश्व कप 2026 के 25वें मुकाबले में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को 9 विकेट से जीत मिली। ये इस विश्व कप में उनकी लगातार तीसरी जीत है। इसके साथ ही उसने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं, नेपाल लगातार तीसरा मुकाबला हारकर सुपर-8 से बाहर हो गई है। नेपाल ने 133/8 का स्कोर बनाया था। जवाब में 1 विकट खोकर वेस्टइंडीज ने लक्ष्य हासिल कर लिया। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। नेपाल के लिए दिपेंद्र सिंह ऐरी (58) को छोड़कर और कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। जेसन होल्डर ने वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। जवाब में कप्तान शाई होप (61) और शिमरोन हेटमायर (46) की शानदार पारियों के दम पर वेस्टइंडीज को आसान जीत मिल गई। उसने 15.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
दीपेंद्र ने 47 गेंदों का सामना किया और 58 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 123.40 की रही। उन्होंने सोमपाल कामी (26) के साथ मिलकर 26 गेंदों में 54 रन की साझेदारी निभाई। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 11वां और वेस्टइंडीज टीम के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 44 गेंदों में पूरा किया। यह उनका टी-20 विश्व कप में भी पहला ही अर्धशतक रहा है।
होल्डर ने मैच में 4 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 27 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। उनकी इकॉनमी रेट 6.80 की रही। उन्होंने आसिफ शेख (11), दीपेंद्र (58), आरिफ शेख (2) और करण केसी (1) को अपना शिकार बनाया। इस मुकाबले से पहले उन्होंने स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच में 3/30 के आंकड़े दर्ज किए थे। वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में उन्हें एक भी सफलता नहीं मिल पाई थी।
टी-20 विश्व कप में होल्डर ने पहली बार 4 विकेट हॉल लिया है। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 5वीं बार और नेपाल के खिलाफ दूसरी बार ये कारनामा किया। टी-20 विश्व कप में उन्होंने 9 मुकाबले खेले हैं और इसकी 9 पारियों में 17.30 की औसत के साथ 13 विकेट लेने में सफल रहे हैं। उनकी इकॉनमी 7.45 की रही है। अब तक उन्होंने 92 मुकाबले खेले हैं और 88 पारियों में 26.72 की औसत से 105 विकेट लिए हैं।
होप ने 44 गेंदों का सामना किया और 61 रन बनाने में सफल रहे। उनके बल्ले से 4 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 138.64 की रही। ये उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 10वां अर्धशतक रहा। टी-20 विश्व कप में इस खिलाड़ी ने दूसरा अर्धशतक लगाया। अब तक इस टूर्नामेंट में उन्होंने 6 मुकाबले खेले हैं और इसकी 6 पारियों में 46.75 की औसत और 148.41 की स्ट्राइक रेट से 187 रन बनाने में सफल रहे हैं।
वेस्टइंडीज ग्रुप- सी में 3 जीत और 6 अंकों के साथ अंक तालिका में पहले स्थान पर है। इंग्लैंड 2 जीत और 1 हार के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। उसके 4 अंक हैं। वहीं, स्कॉटलैंड 1 जीत और 2 हार के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद है। इटली की टीम 1 जीत और 1 हार के साथ चौथे स्थान पर है। नेपाल 3 हार के साथ ग्रुप में 5वें स्थान पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *