जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : आगामी हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने राजकीय इण्टर कॉलेज पौड़ी में जनपद के शिक्षाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में परीक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी तैयारियों को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिये, ताकि विद्यार्थियों को निष्पक्ष एवं अनुकूल परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी खण्ड शिक्षाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विकासखण्ड स्तर पर शीघ्र बैठक आयोजित कर परीक्षा संबंधी सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें। उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन बनाने हेतु शिक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमों का कड़ाई से अनुपालन करने को कहा। डीएम ने परीक्षा केन्द्रों के आसपास अनधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही पर रोक, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित अभिरक्षा, सीसीटीवी की कार्यशीलता, सभी केन्द्रों पर निगरानी, उड़नदस्तों की सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने परीक्षा ड्यूटी में लगे कार्मिकों की समय से तैनाती, प्रशिक्षण एवं उत्तरपुस्तिकाओं के सुरक्षित संकलन एवं मूल्यांकन केन्द्रों तक सुरक्षित प्रेषण की समुचित व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्कूल को सकारात्मक एवं अभिनव वातावरण प्रदान करना भी विद्यालय प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। बैठक में प्रधानाचार्य जी.आई.सी. मोहन चंद्र घिल्डियाल, जिला खेल समन्वयक योगंबर नेगी, उप-निरीक्षक पुलिस विभाग मेहराजुद्दीन सहित जनपद के सभी खण्ड शिक्षाधिकारी तथा केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।
125 परीक्षा केन्द्रों पर 12,605 छात्र-छात्रा देगें परीक्षा
मुख्य शिक्षाधिकारी ने बताया कि 23 फरवरी से 18 मार्च 2026 तक संचालित होने वाली इन बोर्ड परीक्षाओं के लिए जनपद में कुल 125 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। इनमें से 124 परीक्षा केन्द्रों पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं दोनों की परीक्षाएं आयोजित होंगी, जबकि राजकीय इण्टर कॉलेज देवीखाल में केवल कक्षा 10वीं की परीक्षा आयोजित की जाएगी। जनपद में कुल 12,605 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होंगे, जिनमें 6,185 छात्र हाईस्कूल तथा 6420 छात्र-छात्राएं इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे।