भरोसे का फायदा उठाकर अकाउंटेंट ने शराब कारोबारी के खाते से उड़ाए लाखों

Spread the love

हरिद्वार()। शराब कारोबार से जुड़े एक व्यवसायी के खाते से लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। हल्द्वानी निवासी सचिन जायसवाल ने पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया कि उनके अकाउंटेंट हरीश चंद्र पाल ने फर्म की चेकबुक का दुरुपयोग कर फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए रकम अपने खाते में ट्रांसफर कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। ज्वालापुर पुलिस के अनुसार, सचिन ने अपनी पत्नी गुंजन जायसवाल के साथ वर्ष 2014 में मैसर्स गुंजन जायसवाल एंड अदर्स के नाम से फर्म बनाकर बैंक ऑफ बड़ौदा चंद्राचार्य चौक (रानीपुर मोड़ शाखा) में खाता खुलवाया था। हरिद्वार में शराब बिक्री से जुड़े वित्तीय काम उन्होंने अकाउंटेंट हरीश को सौंपे थे। कारोबारी ने बताया कि हरीश लेन-देन, आरटीजीएस और चेक संचालन सहित सभी काम देखता था। इसी बीच, आरोपी ने फर्म की चेकबुक में फर्जी हस्ताक्षर करके लाखों रुपये यूनियन बैंक ऑफ इंडिया बहेड़ी स्थित निजी खाते में ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित को तब शक हुआ, जब पुरानी चेकबुक मिली और खाते में संदिग्ध लेन-देन दिखे। आरोपी ने बैंक में मोबाइल नंबर बदलने वाले फॉर्म में भी बिना अनुमति अपना नंबर दर्ज करा लिया था। इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *