जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी के गुर सुखाए गए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने बताया कि उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर द्वारा प्रदेश में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 21 फरवरी से 20 मार्च तक आयोजित की जायेगी। कहा कि बोर्ड परीक्षा के लिए एक रणनीति बनाकर समय प्रबन्धन करके निरन्तर अभ्यास करने, हर दिन आठ-दस घंटे पढ़ाई करने, विषय के सम्बोधनों को रटने के बजाय उसकी अवधारणा को समझने, पूर्ण तैयारी के साथ परीक्षा केंद्र में तनाव मुक्त होकर व आत्मविश्वास से प्रश्न पत्रों को हल करने, प्रश्नों के अंक विभाजन के अनुसार उनका सटीक उत्तर लिखने व सभी प्रश्नों को हल करने से अच्छे अंक प्राप्त करके बेहतर श्रेणी में बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण की जा सकती है। इसके साथ ही सुन्दर हस्तलेख, उत्तर संख्या व हेडिंग्स को काले स्कैच पेन से लिखने, चित्रों व आलेख को पेन्सिल से बनाकर, पूछे गए प्रश्नों से सम्बंधित सूत्रों, नियमों व समीकरणों का उल्लेख करने से परीक्षक का दृष्टिकोण छात्र-छात्राओं के प्रति सकारात्मक बनाकर मूल्यांकन को सरल व सहज बनाता है।