बागेश्वर। राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता के दौरान उपयोग किए गए वाहनों का अभी तक भुगतान नहीं हुआ है। डेढ़ महीने बीतने के बाद भी जब भुगतान नहीं हुआ तो टैक्सी चालक व मालिक जिलाधिकारी के पास पहुंचे। उन्हें पर्यटन विभाग की शिकायत की। जल्द भुगतान दिलाने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। रामघाट टैक्सी समिति से जुड़े लोग शुक्रवार को जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे से मिले। उन्होंने बताया कि पांच मार्च से नौ मार्च तक कपकोट में पैराग्लाइंडिंग प्रतियोगिता आयोजित हुई। इस दौरान पर्यटन विभाग ने उनके वाहनों का उपयोग किया। इनमें से दस वाहनों का भुगतान आज तक नहीं हो पाया है। पर्यटन अधिकारी से कई बार मांग कर दी है, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन मिल रहा है।भुगान नहीं होने से उनके सामने बैंक किस्त जमा करने, वाहनों का रखरवाव करने तथा टैस भरने जैसी समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने डीएम से मामले का संज्ञान लेकर भुगतान कराने की मांग की है। मांग करने वालों में अध्यक्ष अरविंद खेतवाल, भजन गड़िया, हिमांशु सिंह, गोविंद संह आदि शामिल हैं। जिलाधिाकारी ने पर्यटन अधिकारी को फोन लगाकर चालकों की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। साथ उन्हें भी इसकी जानकारी देने को कहा है।