निलंबन के विरोध में शिक्षक ने दिया धरना, निलंबन को बताया गलत

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : थलीसैंण ब्लाक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय ऐंगार के निलंबित सहायक अध्यापक ने स्कूल परिसर में ही अपने निलंबन के विरोध में धरना शुरू कर दिया। निलंबित शिक्षक कहना है कि जो आरोप लगाए गए हैं वह सही नहीं है और उनका निलंबन गलत किया गया है। वहीं शिक्षक के निलंबन पर बीईओ ने कहा कि इसकी जांच चल रही है। कहा कि शिक्षक का धरना दिए जाने संबंधी सूचना विभाग को नहीं है।
पौड़ी के डीईओ बेसिक ने शिक्षक को बीती 7 अक्तूबर को निलंबित कर उपशिक्षा अधिकारी दफ्तर पाबौ से एटैच कर दिया था। शिक्षक पर स्कूल की छात्रा संख्या में गड़बडी सहित अन्य आरोप लगाए गए हैं। इन सभी आरोपों को गलत बताते हुए शिक्षक संजय कुमार गोदियाल ने प्राइमरी स्कूल ऐंगार के बाहर धरना शुरू कर दिया है। गोदियाल ने उन पर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज भी किया है। उधर, थलीसैंण के बीईओ विवेक पंवार ने बताया कि स्कूल में पांचवीं कक्षा में केवल एक ही छात्रा का प्रवेश था, अभिभावकों द्वारा छात्रा की टीसी ले लिए जाने के बाद अब छात्र संख्या शून्य हो जाने के कारण स्कूल मंगलवार से बंद हो गया है। अभिभावकों ने छात्रा का प्रवेश प्राइमरी स्कूल कुटकंडई में किया है। वहीं शिक्षक के निलंबन पर बीईओ ने कहा कि इसकी जांच चल रही है। छात्रा संख्या में गड़बड़ी सहित विद्यालय अनुदान की धनराशि को खर्च ना करने, विद्यालय में समय पर ना आने, स्कूल की छुट्टी होने के बाद भी छात्रा को 3 बजे तक अनावश्यक रोक कर रखने, छात्र उपस्थित पंजिका और विद्यालय अभिलेखों में कांट-छांट करने के आरोप के चलते शिक्षक को निलंबित किया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक का धरना दिए जाने संबंधी सूचना विभाग को नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *