जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शिक्षा व समाज सेवा में बेहतर कार्यों के लिए शिक्षक सुंदर लाल जोशी को सम्मानित किया गया। सुंदर लाल जोशी अंग दान के लिए भी समाज को जागरूक करते रहते हैं।
रूड़की में पंचम अखिल भारतीय शैक्षिक विमर्श एवं शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से शिक्षाविद, कुलपति, शिक्षक व समाजसेवियों ने प्रतिभाग किया। समारोह में उत्तराखंड राज्य से शिक्षा व साहित्य के क्षेत्र में बेहतर कार्यों के लिए सुंदर लाल जोशी को सम्मानित किया गया। जोशी ने पूर्व में अपनी पुत्र स्व. आकांक्षा जोशी का पूरा शरीर दान कर दिया था। साथ ही उन्होंने अपनी माता स्व. दर्शनी देवी के भी नेत्र व शरीर दान कर दिया था। जिससे कई जरूरतमंदों को नया जीवन प्राप्त हुआ। साथ ही वह अपने संपूर्ण अंगों के दान की भी घोषणा कर चुके हैं। जोशी समय-समय पर आमजन को भी अंग दान के लिए जागरूक करते रहते हैं। इस मौके पर दद्दन मिश्रा, राहुल बिश्नोई, डा. एनके गुप्ता, डा. भगवन नौटियाल, डा. अनूप प्रधान, डा. यशपाल सिंह, डा. बीएल यादव आदि मौजूद रहे।