देहरादून। केवि नंबर दो हाथीबड़कला के शिक्षक व कर्मचारियों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है। जिससे परेशान शिक्षक सोमवार को सर्वे आफ इंडिया के सर्वेयर जनरल से मिले। जिसमें उन्होंने दिवाली से पहले वेतन दिलवाने की मांग की। साथ ही दीवाली से पहले वेतन ना मिलने पर कार्य बहिष्कार की भी चेतावनी दे दी है। शिक्षकों ने बताया कि केवि नंबर दो हाथीबड़कला प्रोजेक्ट का स्कूल है। जिसका वित्त पोषण भारतीय सर्वेक्षण विभाग हाथीबडकला की ओर से होता है। यानी वेतन भत्ते सहित तमाम खर्च का बजट सर्वे से मिलता है। लेकिन बजट ना मिलने से पिछले तीन माह से कार्मिकों का वेतन तथा जनवरी माह से बड़ा हुआ मंहगाई भत्ता नहीं दिया गया है। जिससे कर्मिकों को विभिन्न परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है, कई कार्मिक तथा उनके परिजन चिकित्सा सम्बन्धी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। वहीं जयादातर की विभिन्न लोन की किश्तें नहीं जा पा रही हैं। किश्तें समय पर जमा न होने के कारण उन्हें उसका दंड भुगतना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जहां दीपावली त्यौहार पर अधिकांश विभागों में वार्षिक बोनस दिया जा रहा है वहां शिक्षक कर्मचारियों को वेतन तक नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने तत्काल वेतन दिलवाने की मांग की। मिलने वालों में राजेंद्र भंडारी,नीतू सिंह,राजेंद्र पंवार,अशोक वर्मा, गौरव चौहान, गौरी शंकर आर्य और मनीष नौटियाल सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।