चमोली()। औली में राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप और विंटर कार्निवल का रोमांच 13 फरवरी से शुरू होगा। खेलों के लिए तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। विभिन्न राज्यों से प्रतिभाग करने वाली टीमें औली पहुंच रहीं हैं। देर शाम टीमों के आने का सिलसिला जारी रहा। औली में राष्ट्रीय शीतकालीन खेल और विंटर कार्निवल की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। अंतरराष्ट्रीय स्लोप में बर्फ कम होने के चलते इस बार खेलों का आयोजन आठ नंबर टावर से ऊपरी हिस्से में किया जा रहा है। इस कारण इस बार स्लोप छोटा रखा गया है। आईटीबीपी औली के डिप्टी कमांडेंट नानक चंद ने बताया कि कार्निवल व राष्ट्रीय खेलों के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। औली में फेडरेशन ऑफ आइस स्पोटर्स की ओर से मान्यता प्राप्त स्लोप है जहां पर स्लैलम और जायंट स्लैलम की प्रतियोगिताएं होंगी। स्लैलम में 25 से अधिक व जायंट स्लैलम में 15 से 20 गेट लगाए जा रहे हैं। बुधवार अपराह्न तक गुजरात, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और सेना की टीमें पहुंच गई हैं, देर शाम तक अन्य टीमें पहुंचेंगी। उत्तराखंड की टीम से इस बार 35 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
–
उद्घाटन में सीएम का कार्यक्रम है प्रस्तावित: औली में खेल व कार्निवल का उद्घाटन 13 फरवरी को सुबह सात बजे होगा। उद्घाटन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का कार्यक्रम प्रस्तावित है। सभी टीमें 12 फरवरी को औली में पहुंचकर रिपोर्ट देंगी।
–
बाहर के खिलाड़ियों में उत्साह: राष्ट्रीय खेलों के लिए बाहर से आने वाले खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। पुणे के सिद्धार्थ गाडेकर जो खेलो इंडिया के स्की पर्वतारोहण में स्वर्ण पदक विजेता हैं उनका कहना है कि औली में पहली बार स्कीइंग के लिए पहुंचे हैं। यहां काफी अच्छा स्लोप है और औली काफी सुंदर जगह है। अन्य खिलाड़ी भी उत्साहित नजर आए।
—
कार्निवल में योग इन स्नो भी किया शामिल: औली में राष्ट्रीय खेलों के साथ ही विंटर कार्निवल भी आयोजित किया जा रहा है। इसमें पहली बार योग इन स्नो को शामिल किया गया है। इसके अलावा नाइट स्कीइंग, चिल्ड्रन स्नो खेल, स्नो मैराथन, स्नो शू रेस, औली मैराथन महिला तीन व पुरुष पांच किमी आयोजित की जाएगी।