चमोली : शुक्रवार को चमोली जिले के थराली विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक मुन्नी देवी शाह का 64 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। वे पिछले तीन माह से बीमार चल रही थी। उनका इलाज देहरादून के एक निजी अस्पताल में किया जा रहा था। शनिवार को कर्णप्रयाग में अलकनंदा और पिंडर नदी के संगम पर शस्त्र झुकाकर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई। मुन्नी देवी शाह ने 2018 में थराली विधानसभा सीट से उपचुनाव जीता था। वह चमोली जिले की जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उनके पति मगनलाल शाह भी थराली के विधायक रह चुके हैं। विधायक रहने के दौरान उनके पति का निधन हुआ था। उसके बाद थराली सीट पर वर्ष 2018 में उपचुनाव हुआ था और मुन्नी देवी शाह विधायक का चुनाव जीती थी। वर्तमान में मुन्नी देवी शाह के पुत्र गणेश शाह नगर पालिका परिषद कर्णप्रयाग के अध्यक्ष हैं। मुन्नी देवी को भाजपा की कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता था। अस्वस्थ होने के बावजूद नगर पालिका चुनाव के दौरान मुन्नी देवी शाह ने घर-घर जाकर भाजपा के लिए चुनाव प्रचार किया था। शनिवार सुबह उनके पार्थिव शरीर को देहरादून से उनके कर्णप्रयाग निवास स्थान पर लाया गया। उनके अंतिम दर्शनों के लिए थराली, कर्णप्रयाग सहित चमोली जिले के अन्य जगहों से भारी संख्या में लोग पहुंचे थे। मुन्नी देवी शाह समाजसेवा और जनहित के कार्यों में सक्रिय रूप से शामिल रहती थी। दोपहर करीब एक बजे संगम स्थल पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान लोगों ने उनको अश्रुर्ण विदाई दी। इस मौके पर एसडीएम एसएस रांगड़, थानाध्यक्ष राकेशचंद्र भट्ट, कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री हरिकृष्ण भट्ट, भाजपा नेता देवेंद्र नेगी, दिनेश थपलियाल सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने मुन्नी देवी शाह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुन्नी देवी शाह का योगदान उत्तराखंड की राजनीति और समाज सेवा में अविस्मरणीय है। (एजेंसी)