जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत तीन बच्चों के बाप ने धोखे से एक लड़की के साथ शादी करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी सहित उसके माता-पिता, पत्नी और बहन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार कर रहे है।
कोतवाली कोटद्वार के एसएसआई प्रदीप नेगी ने बताया कि गत गुरूवार को देर सांय सिताबपुर निवासी एक लड़की ने कोतवाली में तहरीर दर्ज कराते हुए बताया कि वह अनुसूचित जाति की है। झण्डीचौड़ निवासी राहुल कुमार ने शादी शुदा व तीन बच्चों के बाप होने की बात छुपाकर धोखा देकर फर्जी तरीके से मंगलसूत्र पहनाकर शादी की। लड़की ने बताया कि जब वह शादी करके राहुल के साथ उसके घर गई तो पता चला की वह पहले से ही शादी शुदा है और उसके तीन भी बच्चे है। लड़की ने आरोप लगाया कि राहुल के परिजनों ने उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। एसएसआई प्रदीप नेगी ने बताया कि लड़की की तहरीर के आधार पर आईपीसी की धारा 493/494/496/323/506 व एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर राहुल, उपके पिता, माता, पत्नी और बहन को गिरफ्तार कर लिया है।