गुलदार के हमले में किशोर घायल

Spread the love

चौबट्टाखाल तहसील के धस्मानी गांव में गुलदार ने किशोर पर किया हमला
जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : जनपद पौड़ी गढ़वाल में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आये दिन गुलदार लोगों पर हमला कर रहा है। गुलदार अब तक कई लोगों को निवाला भी बना चुका है। बीती गुरूवार रात को तहसील चौबट्टाखाल के अंतर्गत ग्राम धस्मानी में गुलदार ने एक किशोर पर हमला कर घायल कर दिया। हमले में किशोर के कान और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। किशोर पर अचानक हुए इस हमले से इलाके में दहशत फैल गई है। हालांकि वन विभाग ने रात्रि गश्त शुरू कर दी है।
तहसील चौबट्टाखाल के अंतर्गत ग्राम धस्मानी में गुरुवार रात के पौने आठ बजे गुलदार के हमले में एक किशोर घायल हो गया। ग्राम धस्मानी निवासी दीपक सिंह (11 वर्ष) पुत्र सतेन्द्र सिंह घर के छज्जे में बैठ कर पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान दीपक पर अचानक गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। इससे पहले गुलदार दीपक को उठा कर ले जाता, परिजनों ने शोर मचा दिया, जिससे गुलदार भाग गया। ग्रामीणों को मदद से घायल दीपक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांवखाल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय पौड़ी रेफर किया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया गया, फिलहाल किशोर की स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन सिर में चोट होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। वन दरोगा आशीष बलोदी ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांवखाल में उपचार के बाद दीपक को जिला चिकित्सालय पौड़ी रेफर किया गया है। बताया कि वन विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंच कर रात्रि गश्त शुरू कर दी है।

क्षेत्र में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश भी लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता बनी हुई है, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से जल्द से जल्द गुलदार को पकड़ने की मांग की है, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। परिजनों का कहना है कि गांव में पहले से ही जंगली जानवरों का आतंक बना हुआ है और लगातार हो रहे हमलों से लोगों का जीवन खतरे में पड़ गया है। उन्होंने वन विभाग से जल्द ठोस कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *