ट्रैक्टर ट्रॉली का टायर फटने से डाले में बैठे किशोर की मौत

Spread the love

रुद्रपुर()। मां पूर्णागिरी के दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर ट्रॉली का टायर फटने से डाले पर बैठा एक किशोर सड़क पर गिर गया। हादसे में किशोर की मौत हो गई। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को घर ले गए। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के नवलपुर गांव से श्रद्धालुओं को लेकर ट्रैक्टर ट्रॉली मां पूर्णागिरी के दर्शन के लिए जा रही थी। मेलाघाट रोड पर झनकईया के पास अचानक ट्रॉली का टायर फट गया, जिससे ट्रॉली अनियंत्रित हो गई। ट्रॉली के डाले में बैठा 16 वर्षीय साजन पुत्र बिवलेश निवासी नवलपुर, शाहजहांपुर, यूपी नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। श्रद्धालुओं ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. गुंजन ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। चिकित्सकों के समझाने के बावजूद परिजन पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं हुए और बिना पुलिस को सूचना दिए शव लेकर उत्तर प्रदेश रवाना हो गए। झनकईया थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र गौरव ने बताया कि उन्हें भी घटना की जानकारी राहगीरों के माध्यम से मिली है। मृतक के परिजन बिना किसी पुलिस कार्रवाई के ही घर चले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *