वाटर स्पोर्ट्स से टिहरी झील को मिली वैश्विक पहचान : अजय टम्टा

Spread the love

नई टिहरी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा कि जल क्रीड़ाओं के माध्यम से टिहरी झील ने देश ही नहीं बल्कि दुनियाभर में अपनी अलग पहचान बना रही है। उन्होंने कहा कि आईटीबीपी, सेना और पुलिस सुरक्षा दायित्व के साथ-साथ समाज को सकारात्मक दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं। ऋषिकेश में करीब 1100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बाईपास मार्ग का काम वर्ष 2029 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की पहल पर टिहरी बांध की झील के कोटीकॉलोनी में आयोजित 25वीं अखिल भारतीय पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर प्रतियोगिता के दूसरे दिन मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री टम्टा ने कहा कि केंद्र सरकार के अभिनव प्रयासों से अधिकांश सीमांत गांव सड़क मार्ग से जुड़ चुके हैं। बॉर्डर सड़कों को और अधिक सुगम व बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश में बाईपास मार्ग नहीं होने से सेना के जवानों को भी कई बार जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। समस्या के समाधान के लिए ऋषिकेश में करीब 1100 करोड़ रुपये की लागत से बाईपास मार्ग बनाया जा रहा है। बाईपास मार्ग बनने से ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में जाम का दबाव कम होगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से खिलाड़ियों को विभिन्न राज्यों की संस्कृति को जानने और समझने का अवसर मिलता है। कैनोइंग, कयाकिंग और रोइंग जैसे खेलों से जुड़े खिलाड़ी आपदा प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
13 राज्यों की 19 टीम कर रही है प्रतिभाग: आईटीबीपी के आईजी मनु महाराज ने कहा कि 25वीं अखिल भारतीय पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। कैनोइंग, कयाकिंग और रोइंग की 52 प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए देशभर के 13 राज्यों की 19 टीमों के 435 खिलाड़ी यहां पहुंचे हैं। इससे पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान आईटीबीपी के जवानों ने पांडव नृत्य और लोकनृत्य भांगड़ा की शानदार प्रस्तुति दी। साथ ही मार्शल आर्ट का आकर्षक प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया। इस मौके पर उत्तराखंड खेल विकास बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व अध्यक्ष विनोद रतूड़ी, मंडल अध्यक्ष विजय कठैत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख जगदंबा रतूड़ी, राजेंद्र प्रसाद डोभाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *