तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। निर्धारित सीमा से अधिक रफ्तार से वाहन चलाने से हादसे ज्यादा होते हैं। तेज रफ्तार से चालक का वाहन से नियंत्रण खत्म हो जाता है। ऐसे वाहन चालक खुद की जान को खतरे में तो डालते हैं, साथ ही सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों र्की ंजदगी से भी खिलवाड़ करते हैं। यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्व. सरोजनी देवी लोक विकास समिति ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा है।
समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि राजकीय इंटर कॉलेज (लालबत्ती चौक) से बदरीनाथ मार्ग तक एक मुख्य मार्ग है। उक्त मार्ग पर भारी भीड़ रहती है। दुकानों के आगे दुपहिया व चौपहिया वाहनों एवं रेहड़ी-ठेलियों की भरमार रहती है। जिस कारण मार्ग काफी संकरा हो जाता है और पैदल आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कोटद्वार शहर के मुख्य मार्गों पर तेज रफ्तार दुपहिया वाहन के कारण आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ती जा रही है। इनकी अनियंत्रित गति के कारण आये दिन राहगीर चोटिल हो रहे है। वरिष्ठ नागरिक अपनी सुरक्षा के प्रति अत्यधिक चिंतित है। उन्होंने नगर क्षेत्र में तीव्र गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *