नैनीताल। नैनीताल में शुक्रवार को दिनभर झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। अधिकतम तापमान में भी आठ डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। वहीं मुक्तेश्वर में भी जमकर बारिश बारिश हुई। जिससे न्यूतनम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मार्च में जहां आमतौर पर हल्की गर्मी का एहसास होने लगता है, वहीं इस बार अचानक हुई बारिश और तेज आंधी के बाद ठंड ने वापसी की है l बीते गुरुवार से मौसम में बदलाव के बाद शहर का तापमान करीब आठ डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया है। शुक्रवार को नैनीताल शहर सुबह से कोहरे की आगोश में समाया रहा। सुबह से लगातार तेज बारिश जारी रही, जिससे लोगों को एक बार फिर ठंड का अहसास हुआ। सुबह और शाम ठिठुरन महसूस की जा रही है। ठंड के कारण लोगों के फिर से गर्म कपड़े निकल आए हैं। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र नैनीताल के अनुसार सरोवरनगरी में बीते गुरुवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते 24 घंटे में शहर में 20.20 मिमी बारिश हुई है। मुक्तेश्वर के सुनकिया निवासी किसान हर्ष सिंह डंगवाल ने बताया मुक्तेश्वर और आसपास क्षेत्र में हुई बारिश से खेतों में नमी बनी है, जो बागवानी में पुलम, आडू़, मटर, खुबानी के लिए लाभदायक है।नैनीताल के कई क्षेत्रों में बारिश के बीच आठ घंटे बिजली गुलनैनीताल, संवाददाता। नैनीताल में शुक्रवार को बारिश के दौरान शहर के कई इलाकों में बिजली गुल रही। बाहर ठंड की वजह से अधिकतर लोग घरों में दुबके रहे। इस बीच बिजली गुल रहने से लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब आठ घंटे बाद बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी।शुक्रवार को शहर के स्टाफ हाउस कंपाउंड, चार्टन लॉज, आयारपाट, स्नोव्यू आदि क्षेत्रों में सुबह से ही बिजली गुल रही l बारिश के दौरान बिजली न होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासी भावना देवी ने बताया कि सुबह 10 बजे से शाम पौने छह बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली नहीं होने से घर में कई काम नहीं हो सके। हेमा देवी ने बताया कि हल्की बारिश होने पर भी शहर में बिजली गुल हो जा रही है l जहां एक ओर बारिश से ठंड बढ़ी है, वहीं दूसरी ओर बिजली न रहने से काम प्रभावित हुए हैं। ऊर्जा निगम के एसडीओ प्रियंक पांडे ने बताया कि शहर के कई इलाकों में तकनीकी समस्या के कारण बिजली नहीं थी l जिसे ठीक कर आपूर्ति सुचारू कर दी गई है l