जिले में बेमौसम बारिश से तापमान में गिरावट

Spread the love

बागेश्वर। जिले में बेमौसम बारिश से एक बार तापमान में भारी गिरावट आई है। लोगों ने ठंड से बचने के लिए गरम कपड़े निकाल लिए हैं। बारिश से सबसे अधिक परेशानी किसानों को उठानी पड़ रही है। गरुड़ क्षेत्र में इन दिनों धान मढ़ाई व कटाई चल रही है। खेतों में पुआल व घास भीग गई है। धार्मिक अनुष्ठानों में भी बारिश ने खलल डाला है। रामलीला मंचन पर भी खतरा मंडराने लगा है। मौसम विभाग की चेतावनी का असर भी जिले में सोमवार अपराह्न से दिखने लगा। दो बजे से आसमान में काले बादल मंडराने लगे। तीन बजे एकाएक अंधेरा हो गया। तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। कई स्थानों पर हल्की ओलावृष्टि भी हुई। इससे तापमान में एकाएक गिरावट हो गई है। ठंड से बचने के लिए लोगों ने गरम कपड़े निकाल लिए हैं। इन दिनों जिले के गरुड़ क्षेत्र में धान कटाई, मढ़ाई तथा घास कटाई का काम चल रहा है। बारिश से पुआल व घास को भिगा दिया है। इसके अलावा इन दिनों जिले में दुर्गा महोत्सव, देवी महोत्सव, भागवत कथा तथा रामलीलाओं को मंचन हो रहा है। लगातार हो रही बारिश से धार्मिक कार्यक्रमों में लोगो की उपस्थिति कम रही। रामलीला मंचन में भी दर्शकों का टोटा रहेगा। इधर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि दो दिन मौसम का मिजाज इसी तरह का बना रहेगा। उन्होंने बताया कि अभी तक जिले में बारिश से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। अलबत्ता आपदा कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *