दिल्ली से राजस्थान तक चढ़ने लगा पारा, पहाड़ी राज्यों में बारिश-बर्फबारी से मौसम सुहाना

Spread the love

नईदिल्ली ,अप्रैल के दूसरे सप्ताह में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पहला सप्ताह अंधड़-बारिश और ओलावृष्टि के कारण राहत भरा रहा था, लेकिन अब पारा चढ़ने लगा है। राजस्थान में तापमान 37 डिग्री के ऊपर निकल गया है और 1-2 दिन में 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान बढ़ने के आसार हैं, वहीं 11 राज्यों में तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
राजस्थान के पश्चिमी जिलों का तापमान 3 डिग्री तक बढ़ गया है। शुक्रवार को बाड़मेर में पारा 37.5 डिग्री तक पहुंच गया। आज कुछ शहरों में बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना कम है। अगले सप्ताह तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है और लू चलने के आसार हैं। मध्य प्रदेश के कई शहरों में तापमान 5 डिग्री तक इजाफा हुआ है, वहीं उत्तर प्रदेश में गर्मी बढ़ने के साथ कुछ जगह अंधड़-बारिश होने के आसार हैं।
दिल्ली समेत एनसीआर इलाके में अब मौसम का मिजाज बदल गया है। पिछले दिनों बारिश-अंधड़ से मिली राहत के बाद अब गर्मी सताने लगी है। सुबह से ही धूप और बादल देखने को मिलेंगे और सतही हवाएं चलने से धूप की तल्खी कम महसूस होगी। आज न्यूनतम तापमान 19 और अधिकतम 35 डिग्री रह सकता है। समीपवर्ती पंजाब में तापमान 35-37 डिग्री और हरियाणा में 37-39 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। इससे लू चलने की स्थिति बन सकती है।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में आज बारिश का अलर्ट है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, कुल्लू समेत 5 जिलों में आंधड़ का यलो अलर्ट जारी किया है। कुछ जगह हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। आने वाले दिनों में प्रदेश का मौसम साफ रहेगा। साथ ही जम्मू-कश्मीर में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान मैदानी इलाकों में बारिश और ऊंचाई पर बर्फबारी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *