जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रखंड एकेश्वर के अंतर्गत विभिन्न गांवों में बंदरों ने आतंक मचा रखा हैं। आए दिन बंदर खेतों में साग-सब्जी को नुकसान पहुंचा रहे है। बंदर ग्रामीणों के घर के अंदर भी आ धमक रहे हैं, घर के अंदर रखे सामान को चट कर जा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
प्रखंड के ग्राम सभा तछवाड़, सकिंडा, बौंसाली, थापली, ग्वाड गांव में इन दिनों बंदरों के झुंड ने आतंक मचा रखा है। बंदर किसानों की उगाई साग सब्जी को भी चट कर जा रहे हैं। गांव में फलदार पेड़ों को तहस-नहस कर रहे हैं। बंदरों को भगाने पर बंदर लोगों को काटने को भी दौड़ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बंदर कई बार बृद्धजनों व बच्चों को काटने के लिए दौड़ रहे हैं। ग्रामसभा तछवाड़ के पूर्व ग्राम प्रधान भूप चंद सिंह नेगी, साकिंडा के कल्याण सिंह, ग्रामसभा ग्वाड़ के ओम प्रकाश बिष्ट का कहना है कि बंदरों का आंतक इतना फैल गया है कि अब बच्चे स्कूल जाने से भी डर रहे हैं। उन्होंने वन विभाग से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।