हाथी के आंतक से परेशान काश्तकारों ने किया प्रदर्शन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र के अंतर्गत झंडीचौड़ पश्चिमी में हाथी के आंतक से परेशान काश्तकारों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। सोमवार देर शाम को काश्तकारों ने लैंसडौन वन प्रभाग की चिलरखाल चैक पोस्ट के समीप डेरा डाल दिया। काश्तकारों ने वन विभाग से जल्द से जल्द हाथी के आतंक से निजात दिलवाने की मांग उठाई।
जंगल से सटे आबादी क्षेत्रों में हार्थियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। झंडीचौड़ पश्चिमी में भी पिछले कई दिनों से हाथियों का आतंक बढ़ता जा रहा है। हाथियों ने काश्तकारों के खेतों में खड़ी धान की फसल को पूरी तरह से नष्ट कर दिया है। ग्रामीण पिछले कई दिनों से वन विभाग से हाथियों को खेतों से दूर रखने के लिए सुरक्षा उपाय करने की मांग कर रहे हैं। लेकिन, वन महकमा ग्रामीणों की इस मांग पर कोई ध्यान नहीं दे रहा। इधर, खेतों में लगातार हाथियों के घुसने और वन महकमे की ओर से कोई सुरक्षा उपाय न किए जाने के विरोध में सोमवार देर शाम पार्षद राजेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में प्रभावित काश्तकार प्रभाग की चिलरखाल चैक पोस्ट पर पहुंचे और वहीं सड़क में धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना था कि वन विभाग उनकी समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहा। कहा कि जब तक वन विभाग सुरक्षा उपाय नहीं करता, वे चैक पोस्ट पर धरना जारी रखेंगे। इधर, सूचना मिलते ही प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार व वन क्षेत्राधिकारी विपिन जोशी मौके पर पहुंचे, जहां क्षेत्रीय जन ने उनका घेराव किया। क्षेत्रीय जन का कहना था कि विभाग यदि उनकी समस्या का निराकरण कर देता तो उन्हें धरना-प्रदर्शन को मजबूर नहीं होना पड़ता। प्रदर्शन में लाखल सिंह नेगी, अनूप सिंह, नारायण बिष्ट, संजय बिष्ट सहित बड़ी तादाद में क्षेत्रीय जन मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *