जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : जनपद के वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत आगामी 09 मार्च से 12 मार्च तक दैनिक जीवन में उपयोगी सहायक उपकरणों के नि:शुल्क वितरण हेतु परीक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का आयोजन समाज कल्याण विभाग, रुद्रप्रयाग द्वारा संबंधित विकास खंड कार्यालयों के सहयोग से किया जाएगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 09 मार्च को जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, कमला भवन के निकट, रुद्रप्रयाग में शिविर आयोजित होगा। इसी तरह 10 मार्च को कार्यालय खंड विकास अधिकारी, मुख्यालय ऊखीमठ में, 11 मार्च को कार्यालय खंड विकास अधिकारी, मुख्यालय जखोली में तथा 12 मार्च को कार्यालय खंड विकास अधिकारी, मुख्यालय अगस्त्यमुनि में परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने जनपद के समस्त वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों से अपील करते हुए कहा है कि वे अधिक से अधिक संख्या में संबंधित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होकर योजना का लाभ प्राप्त करें। योजना का लाभ लेने हेतु आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय वृद्धावस्था योजना के अंतर्गत आधार कार्ड तथा बीपीएल अंत्योदय राशन कार्ड अथवा मासिक आय 15 हजार से कम होने का राजस्व विभाग, विधायक या ग्राम प्रधान द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है। दिव्यांग योजना के अंतर्गत दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड अनिवार्य है। साथ ही आधार कार्ड तथा मासिक आय 22,500 से कम होने का सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।