दो मांगों पर सहमति के बाद 23 माह से चल रहा धरना समाप्त

Spread the love

रुद्रपुर()। गोठा लौका के ग्रामीणों का तीन सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले 23 माह से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना प्रशासन से वार्ता के बाद समाप्त कर दिया गया है। रविवार को भीम आर्मी जिलाध्यक्ष सतेंद्र कुमार ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने ग्रामीणों की दो मांगों पर सहमति जता दी है। ग्रामीणों ने काबिज भूमि पर भूमिधरी अधिकार देने, उप जिला चिकित्सालय की स्थापना और पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग को लेकर 18 जनवरी 2024 से नगरपालिका परिसर के पास दिन-रात अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था। इस दौरान कई बार तिरंगा चौक और मुख्य चौक पर भी प्रदर्शन किया गया। शनिवार को तहसीलदार हिमांशु जोशी ने पुलिस अधिकारियों व खुफिया विभाग के अफसरों के साथ प्रदर्शनकारियों से वार्ता की और उनकी मांगों को गंभीरता से सुना। दिनभर प्रशासन के साथ बैठकें चलीं। बैठक में तहसीलदार ने ग्राम लौका गोठा में सप्ताह में दो दिन स्वास्थ्य विभाग व डॉक्टरों की टीम भेजकर ग्रामीणों का उपचार कराने और नियमित पुलिसिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने पर सहमति जताई। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। तहसीलदार के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन समाप्त करने पर सहमति जताई। रविवार को पत्रकारों से बातचीत में आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सतेंद्र कुमार ने बताया कि सहमति के आधार पर आंदोलन स्थगित किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तीन माह के भीतर स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो पुनः आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *