हल्द्वानी()। नवाबी रोड स्थित आनंदपुरी इलाके में मानसिक रूप से बीमार युवती के घर में घुसकर एक टेंपो चालक ने छेड़खानी की। मोहल्ले वालों को भनक लगी तो टेंपो चालक को घेरकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पार्षद समेत महिलाओं ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी पर कार्रवाई की मांग की। शुक्रवार को हल्द्वानी कोतवाली में वार्ड-11 के पार्षद रवि जोशी और आनंदपुरी की कुछ महिलाएं कोतवाली पहुंचीं। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में एक मानसिक रूप से बीमार युवती रहती है। आस-पड़ोस के लोग ही उसकी मदद करते हैं। लड़की के माता-पिता का कई साल पहले निधन हो चुका है। वह कच्ची झोपड़ी में रहती है। रात में युवती को बाहर से ताला लगाकर सुरक्षित रखा जाता है। आरोप है कि गुरुवार रात करीब दो बजे एक टेंपो चालक खिड़की से ईंटे हटाकर युवती के घर में घुस गया। आरोप है कि टेंपो चालक ने युवती के साथ छेड़खानी की और दुष्कर्म का प्रयास किया। लोगों ने मौके से आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, पुलिस ने मेडिकल कराया तो दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई। कोतवाल विजय सिंह मेहता ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।