सगे भाई पर जानलेवा हमला करने वाले अभियुक्त को भेजा जेल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : पौड़ी पुलिस ने सगे भाई पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार (पाठल) को भी बरामद कर लिया है। अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने कहा कि गत सोमवार को राकेश कुमार निवासी पाबौ, पौड़ी द्वारा कोतवाली पौड़ी में एक लिखित शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया। राकेश ने शिकायती पत्र में बताया कि 7 फरवरी 2026 को रात्रि में उनके भाई कुलदीप सिंह द्वारा छोटे भाई राजेन्द्र सिंह के साथ विवाद कर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार (पाठल) से सिर पर वार किया गया, जिससे राजेन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली पौड़ी में अभियुक्त के विरुद्ध आईपीसी की धारा 109 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पौड़ी के पर्यवेक्षक में पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम द्वारा साक्ष्य संकलन एवं महत्वपूर्ण जानकारी एकत्रित करते हुए प्रभावी कार्यवाही की गई। इसी क्रम में फॉरेंसिक टीम द्वारा भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त कुलदीप सिंह को फल्दवाड़ी, मदकोली से गिरफ्तार किया गया। साथ ही अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार (पाठल) को भी बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को विधिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पौड़ी भेज दिया गया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मुकेश गैरोला, हेड कांस्टेबल सुनील शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *