पत्नी का गला घोंटकर हत्या करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार

Spread the love

शातिर अभियुक्त ने हत्या को दिया था आत्महत्या का रूप
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : पुलिस ने पत्नी का गला घोंटकर हत्या करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। अभियुक्त ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए साजिश की थी।
पौड़ी पुलिस की सोशल सेल से मिली जानकारी के अनुसार विगत 4 जुलाई 2024 को वादी शिवलाल निवासी प्रतीतनगर, पोस्ट व थाना रायवाला जनपद देहरादून ने कोतवाली श्रीनगर पर एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया कि 30 जून 2024 की रात्रि 11.32 बजे अभियुक्त राजेश कुमार द्वारा वादी की पुत्री श्रीमती रिता देवी पत्नी राजेश कुमार निवासी हाल पता नागेश्वर गली, श्रीनगर, मूल पता ग्राम-ओडियारी, पोस्ट कांडाखाल, पौडी की मारपीट कर हत्या कर दी है। इस सूचना के आधार कोतवाली श्रीनगर पर आईपीसी की धारा 302 के तहत राजेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मृतका के पति से पूछताछ करने पर बताया गया कि मेरी पत्नी के द्वारा आत्महत्या की गई है और घटनास्थल की रूपरेखा भी हत्या को आत्महत्या दर्शाने जैसे बनाई गई थी। 22 जुलाई को मुकदमा उपरोक्त से सम्बन्धित चश्मदीद गवाह अभियुक्त के नाबालिग पुत्र के माननीय न्यायालय के समक्ष धारा 183 के तहत बयान कराये गये, जिसमें बालक द्वारा बताया कि 30 जून को रात्रि में उसके पिता ने उसकी मां रीता देवी के सिर पर बैट मारकर व गला दबाकर हत्या करना बताया और किसी को ना बताने हेतु कहा गया। बालक के बयानों एवं विवेचक द्वारा साक्ष्यों के संकलन के आधार पर उक्त अभियोग में संलिप्त अभियुक्त राजेश कुमार (मृतका के पति) राजेश कुमार पुत्र मोहनलाल निवासी हाल पता चमोली नागेश्वर गली श्रीनगर, मूल पता ग्राम ओडियारी, पोस्ट कांडाखाल, जिला पौड़ी गढ़वाल को पुलिस टीम द्वारा पौड़ी से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुनील रावत, आरक्षी हरदयाल सिंह शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *