जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में महात्मा गांधी की जयंती धूमधाम से मनाई जायेगी। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को प्रात: 8 बजे सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। वहीं सभी कार्यालयों, विद्यालयों और दूसरी संस्थाओं के किसी बड़े हॉल/कक्ष में वरिष्ठ अधिकारी, प्रधानाचार्य या अध्यक्ष द्वारा महात्मा गांधी के एक बड़े चित्र का अनावरण व माल्यार्पण किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी गढ़वाल इला गिरी ने महात्मा गांधी की जयंती समारोह कार्यक्रम के सफल संपादन हेतु जनपद स्तरीय संबंधित अधिकारियों को कार्य भार सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट परिसर पौड़ी में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पौड़ी की छात्राओं द्वारा राम धुन एवं गांधी के भजनों का गायन किया जाएगा। गांधी के जीवन संघर्ष, उनकी देश सेवा, उनके जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला जाएगा। विशेष रूप से निर्बलों के कल्याण संबंधी अंत्योदय की उनकी अवधारणा, भावनात्मक एकता, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के संबंध में उनके विचारों का संक्षिप्त परिचय दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रात: साढ़े 8 बजे स्कूलों/कॉलेजों में गांधीवादी जीवन दृष्टि का प्रचार तथा गांधी के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर विद्यार्थियों के मध्य वाद-विवाद या गोष्ठी आयोजित की जायेगी। प्रात: 9 बजे कंडोलिया में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जायेगा। प्रात: 10 महिलाओं की उन्नति के लिए गांधी द्वारा बताए गए, मार्ग का अनुसरण करने, बालिका शिक्षा के प्रचार, दहेज प्रथा की समाप्ति तथा महिलाओं को आर्थिक सामाजिक क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सामाजिक चेतना पैदा करने हेतु प्रभावी अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 11 से 12 बजे तक विकास भवन पौड़ी में गांधी के सिद्धांतों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।