हल्द्वानी। हल्द्वानी मार्ग में कालाढूंगी के पास बोरपुल में एक कार अनियंत्रित होकर पुल से टकराकर पलट गई। हादसे में सभी लोग सकुशल बच गए। कार में एक बच्चा सहित तीन लोग सवार थे। मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा पानीपत निवासी 45 वर्षीय विकास गर्ग पुत्र पुरुषोत्तम, 42 वर्षीय आशीष बंसल पुत्र हरिओम बंसल और 13 वर्षीय मनीष पुत्र ईशान बाजपुर से कालाढूंगी की ओर कार से आ रहे थे। तभी बोरपुल में कार पुल से टकरा गई। हादसे के बाद पुल के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार हटवाकर जाम खुलवाया। एसएसआई पंकज जोशी ने बताया कि हादसे में सभी लोग सकुशल बच गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।