बारात से लौट रही कार खाई में गिरी, चालक की मौत

Spread the love

अल्मोड़ा। बारात से लौट रही एक कार चौखुटिया के घुघोली के पास बसभीड़ा में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में समा गई। हादसे में वाहन मालिक की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम है। शनिवार को ब्लक के मिरेई (ग्राम पंचायत आखोड़िया नौगांव) से लूणियां (ग्वाली) बारात लेकर पहुंचे वाहन मालिक 45 वर्षीय दिनेश दुर्गापाल रात करीब साढ़े नौ बजे वापस घर लौट रहे थे। लेकिन इसी बीच घुघोली के पास बसभीड़ा पर किसी अन्य वाहन को पास देने के चक्कर में संतुलन बिगड़ने से उनकी आर्टिका यूके 04 डीबी 1919 करीब 40 मीटर गहरी खाई में गिर गई। कार में स्वयं मालिक चालक मौजूद था। इसी बीच चौखुटिया से बसभीड़ा को ड्यूटी कर वापस आ रहे होमगार्ड दीपक किरोला ने गाड़ी गिरी देखकर शीघ्र पुलिस प्रशासन को सूचना दी। थाने से थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत के साथ पहुंची पुलिस टीम ने कार चालक दिनेश दुर्गापाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पंचनामे के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेज दिया गया है। मृतक दिनेश के घर में दो छोटे बच्चे व पत्नी हैं, जिनका इस घटना के बाद रो रो कर बुरा हाल है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *