पंजाब कांग्रेस चीफ पद से सिद्घू की छुट्टी के आसार, राहुल गांधी संग विकल्पों पर चर्चा के लिए दिल्ली आए चन्नी!

Spread the love

नई दिल्ली, एजेंसी। पंजाब कांग्रेस चीफ पद से इस्तीफा देकर सियासी घमासान को बढ़ाने के बाद नवजोत सिंह सिद्घू को कांग्रेस आलाकमान से जोर का झटका दिए जाने की तैयारी कर ली गई है। माना जा रहा है कि पार्टी हाईकमान ने पंजाब कांग्रेस पद से नवजोत सिंह सिद्घू की विदाई का मन बना लिया है और नए अध्यक्ष के तौर पर रवनीत सिंह बिट्टू के नाम पर भी चर्चा जारी है।
खबरों की मानें तो कांग्रेस आलाकमान ने पंजाब सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर चर्चा के लिए दिल्ली बुलाया है। बता दें कि मंगलवार को सीएम चन्नी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी दिल्ली में मुलाकात की है। माना जा रहा है कि चन्नी इस दौरे पर राहुल गांधी से मिलेंगे।
बीते हफ्ते नवजोत सिंह सिद्घू ने अनदेखी का आरोप लगाते हुए पंजाब कांग्रेस चीफ पद से इस्तीफा दिया था। पार्टी पिछले कई दिनों से सिद्घू को फिर से प्रदेश की कमान सौंपने के लिए मना रही है लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी उनका इस्तीफा मंजूर कर सकती हैं।
बताया यह भी जा रहा है कि आलाकमान रवनीत सिंह बिट्टू के अलावा पंजाब कांग्रेस इकाई के प्रमुख के तौर पर मनीष तिवारी और प्रताप सिंह बाजवा के नाम पर भी विचार कर रही है। सिद्घू ने चरनजीत सिंह चन्नी की सरकार में हुई कुछ नियुक्तियों पर आपत्ति दर्ज कराते हुए अपना इस्तीफा दिया था। सिद्घू को कैबिनेट के साथ ही एडवोकेट जनरल और डीजीपी की नियुक्ति पर भी आपत्ति थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *