हनुमान जयंती पर श्री सिद्धबली मंदिर समिति की ओर से आयोजित किया गया कार्यक्रम
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : हनुमान जयंती पर कोटद्वार शहर जय श्री राम के जयकारों से गूंज उठा। देवी मंदिर से निकाली गई बाइक रैली में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। युवा भजनों की धुन पर नाचते हुए नजर आए। जगह-जगह रैली का फूल मालाओं के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान सिद्धबली मंदिर में भजन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। भजन गायिका मुस्कान चोपड़ा व मोना चोपड़ा की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

गुरुवार सुबह देवी मंदिर से भव्य बाइक रैली निकाली गई। भगवे झंडे पकड़े रैली में चल रहे युवा जय श्री राम के जयकारें लगाते रहे। देवी रोड, नजीबाबाद चौराह, झंडाचौक, बदरीनाथ मार्ग से होते हुए श्री सिद्धबली मंदिर परिसर में पहुंची रैली का जगह-जगह लोगों ने स्वागत भी किया। इसके उपरांत मंदिर परिसर में भजन कार्यक्रम हुआ। जिसका शुभारंभ महंत दिलीप रावत व मंदिर समिति के अध्यक्ष डा. जेपी ध्यानी ने किया। इसके उपरांत भजन गायिका मुस्कान चोपड़ा व मोना चोपड़ा ने भगवान राम, माता सीता व बजरंग बली हनुमान का गुणगान करते हुए शानदार भजनों की प्रस्तुति दी। बैंड पर हनुमान जंयती पर शानदार भजनों की प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बना दिया। परिसर में भक्त जन भजनों की धुन पर नाचते हुए भी नजर आए। वहीं, हनुमान जयंती पर सुबह से ही मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ी हुई थी। लोगों ने बाबा से अपने परिवार व समाज के लिए सुख शांति की कामना की।