ऋषिकेश। वीकेंड पर शनिवार को पर्यटक वाहनों के दबाव से ऋषिकेश शहर की सड़कें जाम में जकड़ उठीं। ट्रैफिक दबाव के चलते हालात बदतर हो गए। मुख्य मार्ग, हरिद्वार बाईपास और आंतरिक सड़कों पर वाहनों का दबाव इस कदर बढ़ा कि पैदल चलने तक की जगह नहीं बची। बाईपास रोड पर करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा, जबकि मुख्य मार्ग पर वाहन दिनभर रेंगते नजर आए। हैरानी की बात यह है कि न तो चारधाम यात्रा शुरू हुई है और न ही पर्यटन सीजन पूरी तरह सक्रिय हुआ है, इसके बावजूद शहर जाम से जूझता रहा।एआरटीओ कार्यालय के पास फंसे वाहनपूर्वान्ह 11 बजे के बाद हरिद्वार बाईपास मार्ग से ऋषिकेश आने वाले वाहन एआरटीओ कार्यालय के पास ही फंस गए। वाहनों की लंबी कतार दून मार्ग स्थित इंद्रमणि बडोनी चौक तक पहुंच गई। जाम से बचने के लिए पर्यटकों ने गूगल मैप के सहारे इंदिरानगर और आशुतोषनगर तिराहे की ओर रुख किया, लेकिन संकरी गलियों में वाहन फंसने से स्थानीय लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं। दुर्घटना का खतरा देखते हुए पुलिस ने दोपहर करीब एक बजे इंदिरानगर मार्ग को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया।