जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में आमजन को जल्द ही पार्किंग सुविधा मिलेगी। इसके लिए नगर निगम सहित अन्य सरकारी विभाग के अधिकारियों ने जगह का चयन करने प्रारंभ कर दिया है। कानूनी व पब्लिक पहलुओं की जांच के बाद पार्किंग स्थल चिह्रित किए जाएंगे।
नगर निगम ने यातायात पुलिस, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों के साथ झंडाचौक, लालबत्ती चौक, गाड़ीघाट, उमानंद बड़थ्वाल मार्ग सहित अन्य स्थानों का निरीक्षण करते हुए वहां पार्किंग स्थल की संभावनाओं को तलाशा। साथ ही आटो के लिए भी पुराना सिद्धबली मार्ग पर स्टेंड बनने की योजना पर विचार किया गया। नगर आयुक्त पीएल शाह ने बताया कि शहर में पार्किंग स्थल बनाने के लिए गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। कुछ स्थानों को चिह्रित कर वहां कानूनी व पब्लिक पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही शहरवासियों को पार्किंग स्थल मुहैया करवाया जाएगा। मालूम हो कि अब तक शहर में पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिसके कारण शहर की सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। पार्किंग स्थल बनने के बाद जाम की समस्या से राहत मिलेगी।