जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड विकास समिति ने शहर में व्याप्त समस्याओं के निराकरण की मांग की है। कहा कि अतिक्रमण, अपराध सहित अन्य समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही है। शिकायत के बाद भी सरकारी सिस्टम समस्याओं को लेकर लापरवाह बना हुआ है।
समस्या के संबंध में समिति के अध्यक्ष जानकी बल्लभ मैंदोला के नेतृत्व में सदस्यों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। बताया कि कोटद्वार शहर में अतिक्रमण सबसे अधिक चुनौती बनता जा रहा है। सड़क पर सजी दुकान व स्थाई अतिक्रमण के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। राह चलते लोगों को हर समय दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। प्रशासन को अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही शहर में पैदल चलने के लिए फुटपाथ का निर्माण करवाया जाना चाहिए। शहर में लगातार बढ़ रहे कुत्तों व बंदरों के आतंक पर भी रोष व्यक्त किया गया। कहा कि आए दिन कुत्ते व बंदर लोगों को जख्मी कर रहे हैं। सबसे अधिक खतरा बच्चों व बुजुर्गों को बना हुआ है। शहर में मेडिकल कालेज के लिए चिह्रित भूमि को खननकारियों ने बर्बाद कर दिया है। ऐसे में प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। नशे के कारण बच्चों की जिंदगी बर्बाद हो रही है। ऐसे में पुलिस को नशे के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने के निर्दश दिए जाने चाहिए। इस मौके पर जीके बड़थ्वाल, विजय माहेश्वरी, शशिमोहन उनियाल, कलावती बिष्ट, विपुल उनियाल आदि मौजूद रहे।