सफाई कर्मियों ने निकाली वाहनों के टायरों की हवा

Spread the love

ठेका प्रथा के विरोध में सोमवार को भी जारी रहा कार्यबहिष्कार
जयन्त प्रतिनधि।
कोटद्वार: नगर निगम में सफाई कर्मियों के कार्यबहिष्कार का मामला लगातार पेचीदा होता जा रहा है। सोमवार को सफाई कर्मियों ने नगर आयुक्त के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान नगर निगम व प्रशासन ने पुलिस फोर्स तैनात कर रेगुलर सफाई कर्मियों से शहर का कूड़ा उठाने का निर्णय लिया। लेकिन, उससे पहले ही आंदोलन कर रहे सफाई कर्मियों ने निगम के कूड़ा उठाने वाले वाहनों के टायरों की हवा ही निकाल दी।
निगम से हटाए गए 180 सफाई कर्मियों को ठेका प्रथा में रखने के विरोध में सफाई कर्मचारियों का कार्यबहिष्कार सोमवार को भी जारी रहा। सुबह से ही सफाई कर्मी आयुक्त कक्ष के बाहर डटे हुए थे। लगातार बढ़ रहे सफाई कर्मियों के आक्रोश को देखते हुए नगर आयुक्त किशन सिंह नेगी को भी पुलिस संरक्षण में नगर निगम आना पड़ा। नगर आयुक्त ने सफाई कर्मियों के समक्ष कार्यबहिष्कार को समाप्त कर वर्ता से समस्या को सुलझाने की बात कहीं। लेकिन, सफाई कर्मियों ने उनकी एक न सुनी और नारेबाजी करने लगे। कुछ देर बाद मौके पर उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार भी पहुंच गए थे। नगर आयुक्त व उपजिलाधिकारी ने पुलिस फोर्स तैनात कर शहर का कूड़ा उठाने का निर्णय लिया। इसके लिए बकायदा मौके पर भारी पुलिस फोर्स भी बुलाया गया। लेकिन जैसे ही रेगुलर कर्मचारी जेसीबी व अन्य वाहनों को निकालने लगे सफाई कर्मी का आक्रोश बढ़ गया। सफाई कर्मी जेसीबी के आगे लेट गए। कर्मचारियों के बढ़ते आक्रोश को देख नगर निगम व प्रशासन को अपना निर्णय वापस लेना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *