होटल के कमरे में मिला महिला पर्यटक का शव

Spread the love

नैनीताल। नैनीताल के मल्लीताल स्थित एक होटल से नोएडा की महिला पर्यटक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ है। महिला के साथ नोएडा से नैनीताल घूमने आया युवक फरार है। अन्य पर्यटकों की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले में जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्ट्या पुलिस इसे हत्या मान रही है, हालांकि स्पष्ट कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। जानकारी के अनुसार, होरिजन होम्स नोएडा एक्सटेंशन निवासी दीक्षा मिश्रा (31) अपने दोस्त ऋषभ मिश्रा, श्वेता शर्मा, अलमास उलहक के साथ 14 अगस्त को रामनगर घूमने पहुंची थी। इसके बाद उन्होंने नैनीताल घूमने का कार्यक्रम तय किया। उन्होंने मल्लीताल स्थित एक होटल में कमरे बुक किए। पता चला है कि दीक्षा मिश्रा व ऋषभ मिश्रा लिव-इन में थे। 15 अगस्त को दीक्षा का जन्मदिन था। इस बीच रात्रि में चारों दोस्तों ने पार्टी की। लगभग रात के एक बजे पार्टी के बाद श्वेता व अलमास अपने कमरे में सोने चले गए। सोमवार सुबह जब वह उठे तो उन्होंने होटल के कमरे में दीक्षा को बेसुध देखा। इस दौरान उसके साथ ठहरा ऋषभ होटल में नहीं था। इसके बाद दोनों ने दीक्षा के बेहोश होने की सूचना रिसेप्शन में दी। होटलकर्मियों ने भी महिला को बेसुध देखा उसे जगाने की कोशिश की, पर तब तक वह दम तोड़ चुकी थी। पर्यटकों ने तत्काल मल्लीताल कोतवाली में मामले की सूचना दी। कोतवाल अशोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने संबंधित पर्यटकों की आईडी, रजिस्टर समेत अन्य दस्तावेज कब्जे में लिए। साथ ही महिला के परिजनों तथा उनके साथ आए पर्यटकों से पूछताछ शुरू की। हालांकि महिला की मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन पुलिस इसे प्रथम दृष्ट्या हत्या मान रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *