श्रीनगर गढ़वाल : कीर्तिनगर के करीब छ: गांवों को जोड़ने वाले लक्षमोली-तल्याकोट मोटर मार्ग की दशा नहीं सुधारे जाने पर क्षेत्र के ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के डांग, खोला, पाटियों तल्याकोट व जखेड़ आदि गांवों को लक्षमोली व हिंसरियाखाल से जोड़ने के लिए लक्ष्मोली-तल्याकोट मोटर मार्ग का निर्माण किया गया है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि हिंसरियाखाल से खोला तक पीएमजीएसवाई के तहत पक्की सड़क का निर्माण किया गया है। लक्ष्मोली से डांग तक भी करीब चार किमी मार्ग पक्का है, लेकिन खोला से डांग गांव तक मार्ग का करीब दो किमी. भाग संकरा और कच्चा है जिससे मार्ग पर आए दिन लोग जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। ग्रामीण बताते हैं कि मार्ग के जिस भाग का अभी तक डामरीकरण नहीं किया गया है उसका निर्माण वर्ष 2017-18 में विधायक निधि से करवाया गया है। जो कि कई स्थानों पर अत्यधिक खतरनाक है। कई लोग इस पर सफर करने से डरते हैं जिससे उन्हें तीन गुना दूरी तय कर हिंंसरियाखाल होकर आना जाना पड़ता है। निक्की बाला, सहायक अभियंता लोनिवि कीर्तिनगर का कहना है कि मोटर मार्ग के बीच का करीब दो किमी हिस्सा कच्चा व मानकों के अनुरूप नहीं है। मार्ग के सुधारीकरण के लिए सर्वे करवाया गया है। अगर ग्रामीणों की सहमति होगी तो मार्ग का जल्द सुधारीकरण कर डामरीकरण की कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी। (एजेंसी)