जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार/सतपुली। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के आह्वान पर चौबट्टाखाल विधानसभा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दंगलेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करने का भी संकल्प लिया।
गुरूवार को कांग्रेसजनों ने चौबट्टाखाल विधानसभा के अंतर्गत सतपुली के निकट दंगलेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने केदारनाथ के बेहतर विकास के लिए कार्य किया। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में केदारनाथ धाम में कई एतिहासिक कार्य भी हुए हैं। इसके उपरांत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती के लिए भी कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार जन विरोधी नीति अपनाकर जनता का शोषण कर रही है। लगातार बढ़ रही महंगाई व बेरोजगारी के कारण आमजन का जीना मुहाल होता जा रहा है। कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ता एक जुट होकर अपने प्रत्याशी को जीत दिलवाएंगे। जलाभिषेक में नगर अध्यक्ष सतपुली सुरजन रौतेला, व्यापार मंडल अध्यक्ष जयदीप नेगी, मंदिर समिति के अध्यक्ष त्रिलोक सिंह नेगी, चंद्र मोहन सिंह रावत, अध्यक्ष आईटी सेल चौबट्टाखाल विधानसभा एवं ग्राम प्रधान बौन्साल विकास रावत, युवा कांग्रेस सतपुली अध्यक्ष अमित रावत एवं प्रवीण भट्ट आदि कार्यकर्ता शामिल हुए।