अधिकारी से बोले पार्षद साहब सड़कों की मरम्मत करवा दो

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में बदहाल सड़कों की मरम्मत के लिए पार्षदों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता डीपी सिंह से मुलाकात की। कहा कि पूर्व में कई बार शिकातय के बाद भी शहर की सड़कों की मरम्मत नहीं करवाई जा रही है। इससे दुर्घटनाओं का अंदेशा बना हुआ है।
लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में पहुंचे पार्षदों ने अधिशासी अभियंता डीपी सिंह को समस्याओं से अवगत करवाया। कहा कि कोटद्वार गढ़वाल का द्वार है। बाजवूद यहां सड़कों की हालत बदहाल पड़ी हुई है। जगह-जगह खस्ताहाल सड़कें दुर्घटनाओं को न्योता दे रही हैं। वार्ड नंबर 37 में सड़क भारी डंपरों की आवाजाही से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। मार्ग पर डामर तक नहीं दिखाई दे रहा है। कई सड़कें ऐसी भी हैं जो कुछ समय पूर्व ही लोक निर्माण विभाग की ओर से बनवाई गई थी। लेकिन, वर्तमान में यह पूरी तरह खस्ताहाल हो चुकी हैं। यहीं नहीं, सड़क किनारे बनी लोक निर्माण विभाग की नालियां भी बंद पड़ी हुई हैं, जिससे जलभराव की स्थिति बनी रहती है। पार्षदों ने कहा कि भाबर क्षेत्र में जंगल से सटी सड़कों के किनारे झाड़ियों का कटान भी नहीं किया गया है। ऐसे में जंगली जानवरों का खतरा बढ़ने लगा है। मुलाकात के दौरान अधिशासी अभियंता ने पार्षदों को जल्द ही समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। इस मौके पर पार्षद सुखपाल शाह, अमित नेगी, रोहणी देवी, पिंकी रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *