पुलिस बन घर में घुसे दरिंदे, ब्यूटीशियन से गैंगरेप; 3 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी मिथुन फरार

Spread the love

बेंगलुरु , बेंगलुरु के नेलमंगला के पास रात एक 27 वर्षीय महिला से सामूहिक दुष्कर्म के जघन्य मामले ने पूरे इलाके को दहला दिया है। बेंगलुरु ग्रामीण पुलिस ने 48 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी मिथुन सहित अन्य की सरगर्मी से तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, पश्चिम बंगाल की रहने वाली पीड़िता पिछले छह महीनों से बेंगलुरु में अपने पति और दो बेटों के साथ किराए के मकान में रह रही थी और शादी-समारोहों में ब्यूटीशियन का काम करती थी। घटना के वक्त उसका पति काम पर गया हुआ था।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 21 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे पांच लोग खुद को स्थानीय पुलिस बताकर जबरन उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने उस पर और उसके परिचितों पर गांजा रखने और देह व्यापार में शामिल होने का झूठा आरोप लगाया और मामले को रफा-दफा करने के लिए 1 लाख रुपये की मांग की।
पीड़िता के मुताबिक, जब उसने और उसकी सहेली ने विरोध किया, तो आरोपियों ने क्रिकेट बैट और मछेटी (चाकू जैसा हथियार) से उन पर हमला कर दिया, जिससे उसकी सहेली बेहोश हो गई। दरिंदों ने उसके छोटे बेटे और पति के एक दोस्त को बांधकर बाथरूम में बंद कर दिया। इसके बाद तीन आरोपी उसे खींचकर पास के एक मकान में ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
आरोपी घर से 25,000 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी लूटकर फरार हो गए। इसी बीच, पीड़िता का बड़ा बेटा, जो बाहर था, उसने फौरन पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर दिया। होयसला पेट्रोलिंग वैन मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।
पुलिस ने घायल पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसने शिकायत दर्ज कराई। मदनायकनहल्ली पुलिस थाने ने भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 70 (सामूहिक दुष्कर्म) समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बुधवार रात तक पुलिस ने नवीन, कार्तिक और ग्लानी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि गुरुवार दोपहर तक सुयोग, जंगली पृथ्वी और सीना को भी हिरासत में ले लिया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी मिथुन ही इस पूरी घटना का मास्टरमाइंड है। जांच में पता चला है कि मिथुन का पीड़िता से पुराना विवाद था और वह उसे सबक सिखाने की धमकी देता रहता था। उसी ने पुलिस बनकर हमला करने की पूरी योजना बनाई थी। पुलिस ने बताया कि तीन आरोपियों ने दुष्कर्म किया, जबकि दो अन्य लूटपाट और मारपीट में शामिल थे। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मुख्य आरोपी मिथुन की तलाश में विशेष टीमें जुटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *